मध्यप्रदेश Info RSS Feeds

तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार को मारी टक्कर:इछावर में युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र में बोरदी गांव जोड़ के पास मंगलवार सुबह करीब 11 बजे सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बोलेरो चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा। स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत घायल युवक को इछावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। युवक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

Tue, 21 Apr 2026 06:43:47 +0000

रीवा से निकली 12 ज्योतिर्लिंग रथ यात्रा:CM डॉ. मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी,एक साल तक जिलेभर के गांवों में करेगी भ्रमण

रीवा में मंगलवार को शहर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित “पारिवारिक सद्भावना जागृति अभियान” के तहत 12 ज्योतिर्लिंग रथ यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान प्रेम, शांति और विश्व बंधुत्व का संदेश देते हुए रथ यात्रा को जन-जागरण के उद्देश्य से रवाना किया गया। लोगों को नशा मुक्ति का संदेश देंगे बताया गया कि यह अभियान आगामी एक वर्ष तक जिले के गांव-गांव पहुंचकर लोगों को पारिवारिक सद्भावना, नशा मुक्ति और आध्यात्मिक जागरूकता के प्रति प्रेरित करेगा। रथ यात्रा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा। CM ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था के स्थापना नवदशकोत्सव के उपलक्ष्य में संचालित ‘पारिवारिक सद्भावना जागृति अभियान’ के रथ को आज रीवा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। यह अभियान पारिवारिक मूल्यों, संवाद और परस्पर समन्वय के प्रति लोगों को जागरूक करेगा। इससे राष्ट्र और समाज के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ब्रह्माकुमारी संगठन के सदस्य मौजूद रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। देखें तस्वीरें

Tue, 21 Apr 2026 06:43:47 +0000

जल संकट पर महिलाओं का खाली बर्तन बजाकर प्रदर्शन:सीहोर के गांव में 2 किमी दूर से मटमैला पानी लाने को मजबूर; बोरवेल की मांग

सीहोर जिले के ग्राम रोला, आलमपुरा और पचामा की महिलाओं ने सोमवार को जल संकट के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने-अपने गांवों में बोर नलकूप खनन की मांग की। अनसूया बाई, ताराबाई, कालभाई और नीता बाई ने बताया कि वे गंभीर जल संकट से जूझ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले महीनों में स्थिति और भी विकट हो सकती है। कई गांवों में ग्रामीण अपनी प्यास बुझाने के लिए 2 किलोमीटर दूर से मटमैला पानी लाने को मजबूर हैं। कड़ी धूप में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे गांव से एक-दो किलोमीटर दूर खेतों और कुओं से पानी लाने को विवश हैं। पानी के अभाव में कई ग्रामीण परिवार गांव छोड़कर शहरों या खेतों पर रहने को मजबूर हो गए हैं। 'लाडली बहनों' का कहना है कि उनकी सारी कमाई पानी खरीदने में खर्च हो रही है। खाली बर्तन बजाकर विरोध जताया इन महिलाओं ने पानी की कमी के विरोध में खाली बर्तन बजाकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने मांग की कि उनके गांवों में शीघ्र नए नलकूप खोदे जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो वे कलेक्टर कार्यालय में प्रदर्शन करेंगी, और इसके बाद भी समाधान न होने पर भोपाल जाकर मंत्री और मुख्यमंत्री निवास पर पानी की मांग करेंगी। ग्रामीण जनता ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री निवास और मुख्य सचिव कार्यालय से प्रमुख अभियंता, पीएचई विभाग, भोपाल को सीहोर जिले के दर्जनों गांवों में नवीन नलकूप खनन के शीघ्र आदेश दिए गए हैं। प्रभारी मंत्री ने भी पीएचई विभाग को लिखित में निर्देश दिए हैं। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि जिला प्रशासन सीहोर इन आदेशों का पालन करने को तैयार नहीं है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर ने नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में पानी के बिल अधिक से समय लंबित हैं, वहां किस्तों में बिल की वसूली की जाए, ताकि राजस्व भी एकत्रित हो सके और नलजल योजनाएं भी चलती रहें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

Mon, 20 Apr 2026 12:51:54 +0000

कटनी: एंबुलेंस ने ऑटो को पीछे से मारी टक्कर:6 घायल; 2 की हालत गंभीर, बडेरा मोड़ के पास हुआ हादसा

कटनी में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कुठला थाना क्षेत्र के बडेरा मोड़ के पास सोमवार को एक सड़क हादसा हुआ। झुकेही से कटनी आ रहे एक सवारी ऑटो को पीछे से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, ऑटो सवारियों को लेकर झुकेही से कटनी की ओर जा रहा था। बडेरा मोड़ के पास पीछे से आ रही एंबुलेंस (MP 15 DA 0883) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में बैठे यात्री सड़क पर जा गिरे। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत डायल-112 को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहगीरों की सहायता से सभी घायलों को एंबुलेंस और पुलिस वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों का प्राथमिक उपचार कर रही है। पुलिस ने बताया कि घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे में घायल हुए व्यक्तियों की पहचान साहिल (12 वर्ष, पिता छत्रपाल), रूबी पटेल (10 वर्ष), चेतना आदिवासी (35 वर्ष), ज्ञान सिंह पटेल (36 वर्ष), रतन शर्मा और ऑटो चालक देव कुमार के रूप में हुई है। घायल ऑटो चालक देव कुमार ने बताया कि वह अपनी साइड से कटनी की ओर जा रहा था। तभी पीछे से आ रही एंबुलेंस ने तेज रफ्तार में उसे टक्कर मार दी। टक्कर के कारण यात्री ऑटो से बाहर छिटक गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। कुठला थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को कब्जे में लेने की कार्रवाई जारी है।

Mon, 20 Apr 2026 12:51:54 +0000

टीकमगढ़ में कुएं में मिला मां-बेटे के शव:2 दिन से लापता थी महिला; मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

टीकमगढ़ के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के भेलसी गांव में एक महिला और उसके दो साल के बेटे शव कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। शुक्रवार शाम ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। आज शनिवार को दोनों का पीएम कराया गया। भाई ने हत्या कर कुएं में शव फेंकने का लगाया आरोप जानकारी के अनुसार, ग्राम भेलसी निवासी काशीबाई (28) पत्नी राहुल लोधी और उनके दो साल के पुत्र अभिराज के शव गांव के एक कुएं में मिले। बल्देवगढ़ थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे मृतका के भाई सुंदर लोधी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बहन और भांजे की हत्या कर कुएं में फेंका गया है। उन्होंने बताया कि बहन के चेहरे पर चोट के निशान थे और पति राहुल लोधी सहित ससुराल पक्ष के लोग अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। पीएम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रात होने और डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण शवों को जिला अस्पताल टीकमगढ़ की मर्चुरी में रखवाया गया। शनिवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी चंदन सिंह शाक्य, खरगापुर थाना प्रभारी अंबर सिकरवार और एसडीओपी राहुल कटरे मौके पर पहुंचे। मृतका ने ससुराल पक्ष के खिलाफ की थी मारपीट की शिकायत एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि मामला संदिग्ध है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने दोषियों को बख्शा नहीं जाने का आश्वासन दिया। बताया जा रहा है कि 13 अप्रैल को महिला ने पति और परिजनों के खिलाफ मारपीट की शिकायत थाने में की थी। वहीं, परिजनों का आरोप है कि गुमशुदगी की सूचना देने पर भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Sat, 18 Apr 2026 07:01:54 +0000

बजरंग दल ने बैतूल में किया प्रदर्शन:अवैध कब्जों और जबरन धर्मांतरण पर कड़ी कार्रवाई की मांग

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बैतूल शहर में विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शिवाजी चौक पर एकत्रित होकर नारेबाजी की और पुतला दहन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देश में अवैध कब्जों और जबरन धर्मांतरण जैसे मामलों पर चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने इन मुद्दों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की अपील भी की गई। प्रशासन से त्वरित कदम उठाने की अपेक्षा जताई गई है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व मध्य भारत प्रांत के गौरक्षा प्रमुख कृष्णकांत गावंडे ने किया। कार्यक्रम में संगठन के जिला संयोजक शुभम यादव और जिला मंत्री श्याम राठौर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।

Sat, 18 Apr 2026 07:01:54 +0000

90%+ अंक लाने वालों की फोटो दैनिक भास्कर एप पर:12वीं के स्टूडेंट्स देखें अपनी फोटो; 16 साल में सबसे बेहतर रहा रिजल्ट

एमपी बोर्ड की हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 का रिजल्ट 15 अप्रैल को घोषित हो गया है। इस बार का रिजल्ट पिछले 16 सालों में सबसे बेहतर रहा है। छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन कर बाजी मारी है। भोपाल की खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा ने मेरिट में पहला स्थान हासिल किया है। दोनों ने 500 में से 494 अंक हासिल किए हैं। खुशी शिवाजी नगर स्थित सुभाष एक्सीलेंस स्कूल और चांदनी गुरुदेव शिक्षा केन्द्र, नीलबड़ (भोपाल) की छात्रा हैं। दैनिक भास्कर आपका फोटो प्रकाशित कर रहा… ऐसे कई स्टूडेंट्स हैं, जिन्होंने 12वीं में 90% से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। ऐसे में दैनिक भास्कर ने इन स्टूडेंट्स के लिए विशेष पहल की है। सभी का फोटो एप पर पब्लिश किया जा रहा है। बुधवार से शुरू हुआ यह सिलसिला आज भी जारी है। एमपी बोर्ड 12वीं में 76% स्टूडेंट्स पास हुए इस बार साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स और एग्रीकल्चर सभी स्ट्रीम में अच्छे रिजल्ट आए हैं। कई छात्र ऐसे परिवारों से हैं, जहां माता-पिता खेती या मजदूरी करते हैं, लेकिन बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी गई। साइंस स्ट्रीम में उज्जैन की प्रथा पालीवाल (94.8%), कैलारस के अंकेश कुशवाह (96.4%), जबलपुर की मैत्री पांडे (96.2%) और ग्वालियर के अनुज सिंह (92.6%) ने अच्छे अंक हासिल किए। बायोलॉजी में कामिनी कुशवाह (96.4%), तितिक्ष पंचोली (90.8%) और माही अग्रवाल (90.8%) ने बेहतर प्रदर्शन किया। कॉमर्स स्ट्रीम में ग्वालियर की सुरभि आंवले (96.2%), डबरा के शमशेर गिल (96%) और रतलाम की निहारिका चौहान (95.2%) ने उच्च अंक प्राप्त किए।

Thu, 16 Apr 2026 06:31:15 +0000

शाजापुर में पुराने मंगेतर ने नए दूल्हे को दी धमकी:27 अप्रैल को शादी, लड़की भी पहुंच गई थाने, बोली- मैं तो नाबालिग थी

शाजापुर जिले के लालघाटी थाना क्षेत्र में शादी से पहले दूल्हे से सोना, चांदी और नकदी मांगने तथा धमकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बुधवार रात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लालघाटी थाना पुलिस के अनुसार,पिपलिया गुर्जर निवासी 23 वर्षीय मनीष पिता ईश्वरसिंह गुर्जर ने अपने पिता के साथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि 13 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे जब वह अपने पिता के साथ खेत में पानी दे रहा था, तभी मालीखेड़ी निवासी रविंद्र पिता ओमप्रकाश गुर्जर वहां पहुंचा।रविंद्र ने मनीष को बताया कि जिस युवती से उसकी 27 अप्रैल को शादी तय है ,उसकी पहले ही सगाई हो चुकी थी। शादी न करने के बदले मांगी रकम मनीष के अनुसार,रविंद्र ने शादी न करने के बदले तीन तोला सोने का हार,डेढ़ किलो चांदी और 50 हजार रुपये नकद की मांग की।आरोप है कि रविंद्र ने धमकी दी कि यदि उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह घर में आग लगा देगा और परिवार को नुकसान पहुंचाएगा।पुलिस ने रविंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लड़की भी पहुंच गई थाने इस बीच,मनीष की होने वाली मंगेतर ने भी पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर गंभीर आरोप लगाए हैं।अवंतीपुर बडोदिया थाना क्षेत्र की निवासी युवती ने बताया कि वर्ष 2015 में मां और 2017 में पिता की मृत्यु के बाद उसके काका-काकी ने उसे अपने पास रखा। युवती का आरोप है कि नाबालिग उम्र में ही उसकी सगाई काकी के भांजे रविंद्र से कर दी गई थी और इस दौरान सोने-चांदी भी लिया गया। चाचा-चाची पर लगाए आरोप युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता के एक्सीडेंट क्लेम के 10 लाख रुपए,18-20 बीघा जमीन, मकान और जेवरात भी हड़प लिए गए हैं।उसका कहना है कि अब उसी युवक (रविंद्र) से जबरन शादी करने का दबाव बनाया जा रहा है,जबकि वह पहले ही दूसरी शादी कर चुका है। युवती ने बताया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। युवती ने एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी संपत्ति वापस दिलाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Thu, 16 Apr 2026 06:31:15 +0000

चैत्र पूर्णिमा शाही स्नान में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी:रथ पर सवार होकर निकले संत अवधूत महाराज, नाव से बीच नदी में पहुंचकर किया मंत्रोच्चार

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में गुरुवार को चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर कैवल्य योग आश्रम के तत्वावधान में आयोजित अतिविष्णु यज्ञ के अंतर्गत तीसरे और अंतिम शाही स्नान का आयोजन किया गया। इस दौरान गाड़गंगा नदी के तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। सुबह करीब साढ़े 10 बजे बड़ा मेला ग्राउंड से संत डॉ. रघुनाथानंद अवधूत महाराज के नेतृत्व में भव्य चल समारोह निकाला गया। संत फूलों से सजे रथ पर विराजमान थे। बैंड-बाजों, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच श्रद्धालु राजगढ़ रोड होते हुए गाड़गंगा नदी के घाट तक पहुंचे। संत नाव से नदी के बीच पहुंचे घाट पर पहुंचने के बाद संत अवधूत महाराज एक विशेष नाव पर सवार हुए। इस नाव में उनके साथ पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, मंडल अध्यक्ष बद्रीलाल दांगी, यज्ञ समिति अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। मेवाड़े समाज के मांझी युवाओं द्वारा नाव का संचालन किया गया। नाव घाट से आगे बढ़ते हुए नदी के बीच पहुंची, जहां संत अवधूत महाराज ने माइक के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चैत्र पूर्णिमा का दिन अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है और इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से अश्वमेघ यज्ञ के समान फल प्राप्त होता है। इसके बाद मंत्रोच्चार के साथ शाही स्नान की प्रक्रिया प्रारंभ करवाई गई। श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी संत के आह्वान के बाद श्रद्धालुओं ने गाड़गंगा नदी में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस दौरान घाट पर आस्था का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग स्नान के लिए पहुंचते रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए थे। तहसीलदार सोनू गुप्ता और थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती की निगरानी में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं नदी में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीईआरएफ की टीम भी बोट के साथ मौजूद रही। देखें तस्वीरें

Thu, 02 Apr 2026 08:03:29 +0000

हनुमान जयंती पर जिलेभर में पूजा-अर्चना, भंडारे आयोजित:मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़, लालबाग में अखंड रामायण का समापन

बुरहानपुर। जिलेभर में हनुमान जयंती पर उत्साह का माहौल रहा। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। विभिन्न स्थानों पर भंडारे भी आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। उपनगर लालबाग स्थित प्राचीन श्री सिंगल मारुति मंदिर में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। मंदिर सेवक राजू भावसार ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर शुरू हुआ यह पाठ गुरुवार सुबह 5 बजे संपन्न हुआ। सुबह 6 बजे हनुमान जी की पूजा-अर्चना के साथ आरती की गई, जिसमें क्षेत्र के कई श्रद्धालु शामिल हुए। बुरहानपुर के अलावा जिले के नेपानगर, खकनार और शाहपुर क्षेत्रों में भी सुबह से ही हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। नेपानगर के चिमनापुर स्थित हनुमान मंदिर में विशेष रूप से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जहां भंडारे का भी आयोजन किया गया। बुरहानपुर के रोकड़िया हनुमान मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हनुमान जयंती के अवसर पर अक्षरधाम कॉलोनी में आज रात आर्ट ऑफ लिविंग का विशेष सत्संग आयोजित किया जाएगा। खकनार और नेपानगर क्षेत्र के गांवों में भी हनुमान जयंती पर पूजा-अर्चना का दौर चला। उतावली नदी क्षेत्र स्थित रोकड़िया हनुमान मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और मेले का आयोजन किया गया। राजघाट, लोधीपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई।

Thu, 02 Apr 2026 08:03:29 +0000